संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। प्रांतीय मार्गशीर्ष मेला खेल महोत्सव 2025 के तहत सोमवार को प्रभुपार्क में बाबूलाल स्मृति छठवां विशाल कुश्ती दंगल आयोजित किया गया। इसमें तूफान को जिला केसरी चुना गया। जबकि फैजान बाल केसरी व शैलेश किशोर केसरी चुने गए। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शुभारंभ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महामंत्री वरुण चौहान, समाजसेवी राकेश माहेश्वरी और कबीर प्रताप सिंह ने किया। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी सदर संजीव कुमार ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों का संरक्षण और विकास युवाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाता है। ऐसे आयोजन समाज में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक हैं।
दंगल में बाल केसरी, किशोर केसरी और जिला केसरी कुश्तियों का आयोजन किया गया। बाल केसरी की कुश्ती का विजेता फैजान निवासी बिलराम रहा, जिला किशोर की कुश्ती शैलेश निवासी नगला शंकर ने जीती, और जिला केसरी का खिताब तूफान निवासी सिरवाली ने प्राप्त किया। रेफरी की भूमिका में रवीश कुमार, चंद्रवीर और मुबीन पहलवान ने निभाई। इस दौरान आयोजन समिति के जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष ब्रजेश पहलवान, उपाध्यक्ष आदित्य गौतम, सचिव संदीप राघव, कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार, राजाराम यादव, प्रदीप मधुवन, जितेंद्र सिंह यादव, अंकित पुंढीर आदि मौजूद रहे।