पटियाली। कस्बा के मोहल्ला चौक में तीन माह के मासूम की बुखार से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहल्ला चौक निवासी राजा बाबू कश्यप के तीन माह के पुत्र अयांश को तीन दिन पहले अचानक तेज बुखार आया था। परिजनों ने उसे स्थानीय निजी चिकित्सकों को दिखाया, लेकिन तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। रविवार को परिजन उसे कासगंज के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां दवा देकर वापस भेज दिया गया।
सोमवार दोपहर घर पर ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल था।। शाम को गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवा श्री ने बताया कि बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र नहीं लाया गया था। उन्होंने कहा कि केंद्र पर योग्य चिकित्सक उपलब्ध हैं और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था भी है।