कासगंज। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाओं और तीन से अधिक बार चालान कटने वाले 22 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ आरपी मिश्र ने ऐसे चालकों को चिन्हित किया, जो लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे या सड़क दुर्घटनाओं में शामिल पाए गए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई चालकों के खिलाफ तीन या उससे अधिक बार चालान की कार्रवाई हो चुकी थी। विभागीय समीक्षा के बाद कुल 22 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। एआरटीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है। बार-बार नियमों का उल्लंघन न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।