फोटो01कासगंज में पोस्टमार्टम गृह पर मृतक साधू के बारे में जानकारी देते भाई कल्लू सिंह।संवाद
कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में कादरगंज गंगाघाट पर मंगलवार की सुबह जली हुई झोपड़ी से पुलिस ने साधू का शव बरामद किया। मृतक के परिजन उनकी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस साधू की मौत के मामले में लोगों से पूछताछ कर ही है।
गांव नगला डामर निवासी साधू भाई सिंह (48) पुत्र मेघसिंह का शव मंगलवार की सुबह कादरगंज गंगाघाट पर जली हुई झोपड़ी से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। किसी ने फोन कर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। साधू के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। साधू की मौत के बाद परिजन में आक्रोश है। उनके भाई कल्लू सिंह ने बताया कि वह दो साल से गंगाघाट पर रह रहे थे। वह 10 साल पहले साधू बने थे।
आरोप है कि किसी ने उनकी हत्या करने के बाद झोपड़ी में आग लगाई है। उनकी पत्नी गीता व बच्चे नोएडा में रहते हैं। एसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि जली हुई झोपड़ी से साधू का शव मिल गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले में जांच की जा रही है।