उत्तर प्रदेश के कासगंज के पटियाली से एक युवक को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया। युवक पर नौकरी दिलवाने के नाम पर तीन लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। पुलिस युवक को गिरफ्तार करके हरियाणा ले गई है।
हरियाणा के भिवानी क्षेत्र के नांगल गांव निवासी दीक्षा के पास छह नवंबर 2022 को फोन आया। फोन के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम के तहत टाइपिंग की नौकरी की पेशकश की गई। जब दीक्षा ने नौकरी करने में रुचि दिखाई तो उसके पास एक फार्म भेजा गया। फार्म के साथ 4330 रुपये जीएसटी के मांगे गए।
दीक्षा ने आवेदन फार्म भरकर मांगे गए रुपये भेज दिए। इसके बाद उससे ठगी का सिलसिला शुरू हो गया। उससे 3.65 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। दीक्षा ने 18 मार्च 2023 को साइबर सेल गुरुग्राम हरियाणा में मामला दर्ज कराया। इसके बाद साइबर सेल सक्रिय हो गया। युवक ने जिस मोबाइल नंबर ठगी की उस पर मथुरा का पता निकला। जल्द ही साइबर सेल ने आरोपी का पता लगा लिया।
जांच में पटियाली के मोहल्ला चौक वृतयाना निवासी अभिनाश मिश्रा का नाम सामने आया। थाना साइबर क्राइम गुरुग्राम हरियाणा पुलिस के अधिकारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने युवक को उसके घर से पकड़ लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक काफी समय से ऑनलाइन ठगी के कार्य में संलिप्त था।