सोरोंजी। योगिनी एकादशी पर शूकरक्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा लगाई गई। सुबह हरि की पौड़ी में गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालु क्षेत्राधीश वराह मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे। ब्राह्मण कल्याण सभा एवं शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के तत्वावधान में वराह घाट से प्रारंभ हुई पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धालु मां गंगा व भगवान वराह के जयकारों व हरिनाम संकीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
परिक्रमा संयोजक शरद कुमार पांडे ने कहा कि आषाढ़ कृष्ण पक्ष की योगिनी एकादशी का वर्णन धर्मशास्त्रों तथा ब्रह्म वैवर्त पुराण में समस्त पापों का नाश करने वाली, रोगों से मुक्ति प्रदान करने वाली तथा मोक्षदायिनी एकादशी के रूप में किया गया है। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने मार्ग के विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। पंचकोसी परिक्रमा के दौरान शिवानंद उपाध्याय, अशोक कुमार पांडे, शशांक दीक्षित, शैलेंद्र तिवारी, हाकिम सिंह, विनोद दीक्षित, राजकुमार गौड़, योगेश उपाध्याय, सचिन गुप्ता, अभय भारद्वाज, प्रदीप उपाध्याय, रामदयाल आदि मौजूद रहे।