फोटो 36 - नगर पालिका परिषद कासगंज। स्रोत : संवाद
कासगंज। शहर में जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और नाला निर्माण कार्य कराने की योजना तैयार की है। इससे लोगाें को आवागमन में सहूयित मिलेगी।
नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों में सड़कों की हालत काफी खराब हो चुकी है। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और भी गंभीर हो जाती है। इससे आवागमन बाधित होता है और लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी उठानी पड़ती है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पालिका ने प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने का निर्णय लिया है।
सड़क व नालों के निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव को जिला अधिकारी कार्यालय भेजा है। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से कार्य कराया जाएगा। इससे चयनित स्थानों पर नई सड़कें बनाई जाएंगी। वहीं पानी निकासी के लिए पक्के नालों का निर्माण भी किया जाएगा। इससे बरसात के समय पानी भरने की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी। चेयरमैन मीना माहेश्वरी ने बताया कि जिला प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि निर्माण लंबे समय तक टिकाऊ रहे। समय पर निर्माण कार्य पूरा होने से लोगों को जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी।