फोटो 9 - अमांपुर के गांव नगला कटीला में 15 दिन से बिजली न मिलने पर आक्रोश जताते ग्रामीण। स्रोत
कासगंज। अमांपुर विकासखंड के नगला कटीला गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली पूरी तरह ठप है। दरअसल, गांव का ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया है। इससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पीने के पानी, बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्ज करने जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण लालबहादुर और यशोमित्र ने बिजली विभाग से कई बार शिकायत की। उन्होंने अमांपुर बिजलीघर में लिखित शिकायत दी और हेल्पलाइन 1912 पर भी संपर्क किया, लेकिन बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप लगाया कि अधिकारियों से बात करनी चाही, तो सहावर के एसडीओ और अमांपुर के जेई ने फोन तक नहीं उठाया।
अधिकारियों की इस अनदेखी से परेशान होकर खेमकरन, बेदराम और रोहिताश समेत तमाम ग्रामीण क्षेत्रीय विधायक हरिओम वर्मा से मिलने पहुंचे। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और शाम तक गांव में बिजली चालू करवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग की है।