उत्तर प्रदेश में कासगंज की पचलाना जेल में बंद विधायक अब्बास अंसारी को तीन दिन की पैरोल मिली है। यह पैरोल उसे पिता मुख्तार अंसारी के फातिहा कार्यक्रम शामिल होने के लिए मिली है। मंगलवार की देर शाम 7.40 बजे अब्बास को कड़ी सुरक्षा में जेल से गाजीपुर के लिए रवाना किया गया। बुधवार को वह फातिहा कार्यक्रम में भाग लेगा।
अधिवक्ता केशव मिश्रा ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बारे में बताया कि 10 अप्रैल को फातिहा की रस्म में अब्बास हिस्सा लेगा। इसके बाद कोई और रस्म न होने पर उसे गाजीपुर जेल में रखा जाएगा। जब कोई कार्यक्रम होगा तो वह उसमें शामिल होगा। परिवार व आगंतुकों से मिलने की अनुमति रहेगी, लेकिन अब्बास से मिलने वाले व्यक्ति की सघन तलाशी होगी। मीडियाकर्मियों से बातचीत न करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक बंदी अब्बास को सुरक्षा के बीच गाजीपुर रवाना किया गया है। न्यायालय के निर्देशों के मुताबिक सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। तीन दिन की पेरोल पर गाजीपुर के लिए रवाना किया गया है। -राजेश भारतीय, एएसपी