फोटो16पटियाली के गांव नगला खंदारी में गिरा लिंटर। संवाद
पटियाली। तहसील क्षेत्र के गांव नगला खंदारी में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे कमरे में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य बरामदे में सो रहे थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नगला खंदारी निवासी होतेलाल पुत्र जगन्नाथ के मकान में शुक्रवार देर रात अचानक लेंटर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। परिवार रात का भोजन करने के बाद बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान कमरे का लिंटर तेज धमाके के साथ नीचे आ गिरा। तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। जब लोगों ने देखा कि होतेलाल और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है, तो उन्होंने राहत की सांस ली। यदि हादसे के समय कोई कमरे में सो रहा होता, तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
पीड़ित होतेलाल ने बताया कि इस दुर्घटना में उनकी दैनिक जरूरत का अधिकांश सामान नष्ट हो गया है, जिससे परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल तहसील प्रशासन को अवगत कराया। एसडीएम आतिश कुमार सिंह के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का आकलन किया है। एसडीएम ने आश्वस्त किया है कि पीड़ित परिवार को शासन के नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।