फोटो19होली पर्व पर जिला अस्पताल में बनाया गया वार्ड। संवाद
कासगंज। होली पर बुधवार को अवकाश को देखते हुए आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही मोर्चा संभाल लिया है। रंगों के इस पर्व पर संभावित सड़क हादसों, झगड़ों, फूड प्वाइजनिंग और अन्य मौसमी बीमारियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने चिकित्सा सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा है।
जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करते हुए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। निर्देश दिए गए हैं कि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए।
जिला अस्पताल में दो अतिरिक्त वार्ड तैयार किए गए है, जहां पर्व के दौरान आने वाले मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई है। वार्ड में बेड, दवाएं और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को इंतजार न करना पड़े।
इसके अलावा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट कर दिया गया है। जिले की सभी 20 एंबुलेंस को दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है, जिससे हादसे की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा सके।
वर्जन-
होली पर्व के मद्देनजर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। चिकित्सकों को जिला मुख्यालय पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके- डॉ. राजीव अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी