कासगंज। रंगोत्सव से पहले बाजारों में मस्ती और उमंग का रंग छा गया है। बच्चों में कार्टून और मिसाइल वाली पिचकारी की मांग ने धूम मचा दी है। युवाओं में स्टाइलिश मास्क, रंगीन बालों और फंकी टोपी का क्रेज देखने को मिल रहा है। दुकानों और ठेलों पर भीड़ देर रात तक बनी रही।
पर्व के मद्देनजर मंगलवार को बाजार सामान्य दिनों से जल्दी खुल गए। लोगों ने मेहमानों के स्वागत के लिए रेडीमेड चिप्स, पापड़ और अन्य सामान खरीदा, ताकि त्योहार की थाली पूरी तरह सजी रहे। शाम होते ही बाजार का रंग बदल गया। बच्चे और युवा पिचकारी, रंग-गुलाल, आकर्षक मास्क, रंगीन बाल और टोपी खरीदते नजर आए। बच्चों में मिसाइल के आकार वाली पिचकारी, स्पाइडरमैन पिचकारी, डोरेमोन पिचकारी, टैंक पिचकारी, प्रेशर गन और हथौड़ा पिचकारी की खास मांग रही। रंग-बिरंगे गुलाल के साथ-साथ हर्बल कलर पैक भी खूब बिके।
चेहरे के लिए सुपर हीरो मास्क, जोकर मास्क और कार्टून फेस मास्क ने बच्चों को आकर्षित किया, तो युवाओं में रंगीन विग, ग्लिटर विग, फंकी टोपी और स्टाइलिश चश्मों का ट्रेंड दिखा। विक्रेताओं ने बताया कि इस बार नई वैरायटी की पिचकारियों और एसेसरीज को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा।
-
घरों में दूध की सप्लाई हो गई प्रभावित
कासगंज। होली के त्योहार के चलते घरों में दूध की सप्लाई प्रभावित हो गई है। पशु पालकों ने अपने घरोंं पर पकवान बनाने के लिए कम मात्रा में दूध की बिक्री की, इससे दूधियों ने घरों के दूध में कटौती कर दी। ऐसे में लोगों को बाजार में महंगे दाम पर दूध की खरीदारी करनी पड़ी। संवाद
-
टेशू के फूल की भी हुई खरीदारी
कासगंज। होली पर टेसू के फूल की भी लोगों ने खरीदारी की। बाजार में 200 रुपये किलो के भाव से इनकी बिक्री हुई। औषधीय गुणों के कारण लोगों ने इनकी खरीदारी करते हैं। इसका रंग कैमिकल रंगों की तरह त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचाता। संवाद