हिसार। चौथा मिल एरिया स्थित सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर बंद पड़े स्विमिंग पूल में मंगलवार शाम डूबने से 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की छोटी बहन ने परिजनों को हादसे के बारे में बताया जिसके बाद शव को स्विमिंग पूल से बाहर निकाला। बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि परिजन के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
चौथा मिल एरिया निवासी प्रताप भान सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के गांव कमालपुर का रहने वाला है। वह हिसार में करीब 5 साल से रह रहा है। 12 दिन पहले ही उसका परिवार सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर काम करने के लिए आया था। उसके तीन बच्चे थे।
मंगलवार शाम करीब 5 बजे उसकी सबसे बड़ी बेटी रागिनी बाल से खेल रही थी। इसी दौरान उसकी बाल स्विमिंग पूल में गिर गई। हालांकि स्विमिंग पूल के चारों तरफ जाली लगा रखी है लेकिन उसमें जाने के लिए थोड़ी जगह बनी हुई है। काफी समय से बंद होने के कारण स्विमिंग पूल में गंदा पानी भरा है।
प्रताप भान सिंह ने बताया कि रागिनी जब अपनी बाल लेने गई तो अचानक उसका पैर फिसल गया और वह स्विमिंग पूल में गिर गई। करीब साढ़े बजे उसकी छोटी बेटी 6 साल की शशि ने अपनी मां कौशल्या को हादसे के बारे में बताया। इसके बाद परिजन माैके पर पहुंचे और रागिनी को पानी से बाहर निकाला। जिला नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
सोनाली ने 2019 में आदमपुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था
सोनाली फोगाट हरियाणा की चर्चित राजनीतिक और मनोरंजन क्षेत्र की शख्सियत थीं। वह भारतीय जनता पार्टी की नेता थीं और 2019 में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। राजनीति में सक्रिय होने के साथ वह सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थीं। उन्होंने टेलीविजन रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’ में भी हिस्सा लिया था।
ढंढूर में छह एकड़ में फैला है फार्म हाउस
सोनाली फोगाट का यह फार्म हाउस हिसार-सिरसा रोड पर ढंढूर गांव के पास स्थित है। उनकी मौत के बाद भी यह फार्म हाउस काफी चर्चा में रहा था। अगस्त 2022 में गोवा पुलिस ने सोनाली की मौत की जांच के सिलसिले में यहां पहुंचकर छानबीन की थी। परिवार की ओर से फार्म हाउस से सामान और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से जुड़ी शिकायतें भी की गई थीं।
सोनाली ने खुद अपने सोशल मीडिया वीडियो में फार्म हाउस का नजारा दिखाया था। एक वीडियो में वह बेटी यशोधरा के साथ फार्म हाउस में घूमती नजर आई थीं। इसी दौरान उन्होंने स्विमिंग पूल के निर्माण और वहां चल रहे काम का भी जिक्र किया था। करीब 6 एकड़ में फैले इस फार्म हाउस को फोगाट परिवार ने प्री वेडिंग शूट और विभिन्न आयोजनों के लिए किराये पर दे रखा है। अनिल झाझरिया नाम के व्यक्ति ने इसे किराये पर लिया हुआ है।
22 अगस्त 2022 को हुई थी सोनाली की मौत
सोनाली फोगाट की 22 अगस्त 2022 को गोवा में मौत हुई थी। शुरुआत में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था लेकिन बाद में उनके परिवार की शिकायत पर गोवा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच की। उनकी मौत के बाद हिसार स्थित फार्म हाउस भी जांच के केंद्र में रहा था।
-
वर्जन
फार्म हाउस को मैंने किराये पर लिया हुआ है। मैं फार्म पर कम जाता हूं। मुझे इस हादसे की जानकारी नहीं है। - अनिल झाझरिया, संचालक
प्रदेश सरकार की दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना के तहत इस परिवार को 3 लाख रुपये तक का मुआवजा मिल सकता है। बशर्ते परिवार की तरफ से मामले में डीडीआर या एफआईआर दर्ज करवाई जाए। - बजरंग इंदल, एडवोकेट।