कासगंज। सहावर गेट स्थित एक दुकान से गल्ला तोड़कर 40 हजार रुपये चुरा लिए गए। पीड़ित दुकानदार ने सदर कोतवाली में एक नामजद समेत दो आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सहावर गेट पर भीमनगर मोहल्ला निवासी शील प्रिय विद्यार्थी पुत्र स्व. राजेंद्र प्रसाद विद्यार्थी की विद्यार्थी ट्रेडर्स नाम से मोहन रेलवे डंडा पर दुकान स्थित है। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि बीती 9 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे वह किसी आवश्यक कार्य से घर गए हुए थे।
आरोप है कि इस दौरान भीम नगर निवासी रितिक एक अज्ञात व्यक्ति को लेकर दुकान के बाहर आया। रितिक ने उस अज्ञात व्यक्ति को दुकान के अंदर भेजा, जिसने गल्ले से 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। जब दुकानदार वापस लौटे और उन्हें गल्ले से नकदी गायब मिली तो उन्होंने तुरंत दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। फुटेज में आरोपी रितिक उस अज्ञात व्यक्ति को दुकान के अंदर जाने का इशारा करते दिखाई दिया।
घटना के बाद से आरोपी रितिक घर से लापता है और उसके परिजन भी उसके बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। संवाद