कासगंज। कासगंज की बाल वैज्ञानिक अपूर्वा सिंह को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता के बाद अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। अपूर्वा ने पुल पर चलते वाहनों से बिजली उत्पादन करने के लिए प्रोजेक्ट मॉडल तैयार किया था। जिसे बेहद सराहा गया और उनके इस प्रोजेक्ट मॉडल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया। अब अपूर्वा सिंह अपने मॉडल को दिल्ली में इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदर्शित करेंगी।
द्रोपदी देवी जाजू बालिका इंटर कालेज की छात्रा आपूर्वा सिंह ने बताया कि ऊर्जा की किल्लत दिनोदिन बढ़ती जा रही है। इससे निपटने के लिए वैकल्पिक तरीके ढूंढने होंगे। उन्होंने कहा कि पुलों से वाहनों के गुजरने से बहुत सी ऊर्जा व्यर्थ होती है, इससे विद्युत उत्पन्न कर आसपास की बस्तियां, होटल या चिकित्सालय आदि में प्रयोग किया जा सकता है। पुलों के निर्माण में थोड़ा सा बदलाव कर उनमें कुशंस या शॉकर्स लगाए जाएं और उनका कनेक्शन बड़े डायनमों से कर दिया जाए तो बिजली प्राप्त हो सकती है। इससे प्रदूषण मुक्त बिजली का उत्पादन हो सकता है। नगर में कई छोटे बड़े पुल होते हैं। इनसे काफी हद तक ऊर्जा की समस्या से निपटा जा सकता है। अपूर्वा ने बताया कि उनके कार्य में उनके माता पिता व शिक्षिकाओं का काफी योगदान हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सोमवती शर्मा व अन्य शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।