कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के नहड़ी में रविवार दोपहर भेड़ चराने गया युवक लापता हो गया। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन करते हुए पुलिस को जानकारी दी। परिवार के लोगों ने गांव के बाहर से निकली रिंद नदी में डूबने की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से जाल डाल कर तलाश की लेकिन सोमवार देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका।
नहड़ी निवासी शिवप्रसाद राठौर का पुत्र श्याम लाल (26) रविवार को गांव के कुछ लोगों के साथ भेड़ चराने के लिए रिंद नदी के किनारे गया था। देर शाम उसके भेड़ घर पहुंच गईं, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक परिजन उसके आने का इंतजार करते रहे। देर रात तक घर न पहुंचने पर खोजबीन शुरू कर पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच जांच की। परिवार के लोगों के अलावा ग्रामीणों ने युवक के नदी में डूबने की आशंका जतानी शुरू कर दी।
सोमवार को पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से जाल डलवा कर तलाश की। दोपहर बाद एसडीआरएफ बुलाई गई। हालांकि, देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली। इस पर परिजन रोते बिलखते रहे। शिवली थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है।