अरवल थाना क्षेत्र के पलियापुरवा में बुधवार रात युवक का शव उसकी शर्ट से बनाए गए फंदे से लटका मिला। बीते 12 अगस्त को ही शादी होने के बाद उसकी वरीक्षा हो चुकी थी। मोबाइल गिरवी रखने की बात पता चल ने पर मां ने युवक को डांटा था। माना जा रहा है कि इसी से नाराज होकर उसने खुदकुशी की है।
अरवल थाना क्षेत्र के पलियापुरवा निवासी अरुण (27) खेती करते थे। कन्नौज के मकरंदनगर निवासी उनके चाचा राजेंद्र ने बताया कि बुधवार को अरुण बिना कुछ बताए शाम को घर से निकल गए थे। रात में कुछ ग्रामीणों ने अरुण का शव सर्वेश के बाग में शर्ट के फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना परिजन को दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहले तो परिजन खुदकुशी की वजह बताने से बचते रहे लेकिन काफी कुरेदने पर बताया कि अरुण ने अपना मोबाइल 500 रुपये में गिरवी रख दिया था। इसकी जानकारी होने पर मां ने उसे डांट दिया था।