कानपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को सीएसजेएमयू और 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर आयोजित दौड़ के जरिए विद्यार्थियों, जवानों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
सीएसजेएमयू में शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित दौड़ का शुभारंभ प्रति कुलपति प्रो. सुधांशु पांड्या ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ एकलव्य क्रीड़ा संकुल के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक पर हुई। समापन पर विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय और प्रभारी प्रशिक्षक डॉ. राजेश प्रताप सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान डॉ. अंकित त्रिवेदी, डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. सौरभ तिवारी और डॉ. धर्मेंद्र कुमार चौहान मौजूद रहे।
वहीं, 37वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक बीबी चौरसिया (आईपीएस) की मौजूदगी में हाफ मैराथन हुई। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षु आरक्षियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सहायक सेनानायक शैलेंद्र कुमार बाजपेई, सुधाकर मिश्र, शिविरपाल चंद्रेश्वर, दलनायक संदीप कुमार, इंदल राम और सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी उपस्थित रहे।