फिजीशियन की ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की लाइन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में डेंगू व बुखार का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को अकबरपुर में युवक और रूरा में किसान की बुखार के चलते मौत हो गई है। जांच के लिए अब स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव जाएगी। वहीं जिले में डेंगू व बुखार से अब तक 99 लोग दम तोड़ चुके हैं।
रूरा के अंबरपुर गांव निवासी किसान मान सिंह को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। इस पर उसने गांव में ही इलाज कराया पर आराम नहीं मिला। इस पर परिवार के लोग शुक्रवार को उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने हैलट रेफर कर दिया, रास्ते में ही किसान की मौत हो गई।
इसी तरह अकबरपुर के अयोध्या नगर निवासी आनंद द्विवेदी का बेटा अमित (23) कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। क्षेत्र के डॉक्टर से अमित का इलाज चल रहा था। आराम नहीं मिला तो शुक्रवार की रात परिवार के लोग अमित को जिला अस्पताल ले गए। जहां इमरजेंसी में भर्ती किया।
इसके कुछ देर बाद ही अमित ने दम तोड़ दिया। जिले में बुखार और डेंगू से मरने वालों की संख्या अब तक 99 पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि बुखार से किसान और युवक की मौत की जानकारी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजकर जांच कराई जाएगी।