यूपी के हरदोई जिले मे शाहाबाद के मोहल्ला अल्हापुर निवासी युवक की थाईलैंड के फिनलैंड समुद्र में हुई मौत के पांच दिन बाद भी उसका चेहरा परिजनों से दूर है। पांच दिन से कलेजे के टुकडे़ को देखने के लिए कुनबा सिसक रहा है। रूंधे गले से पिता ने बताया कि शव आने के बाद छह को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कस्बे के युवा आलोक शुक्ला की हुई मौत के पांच दिन बाद भी उसका शव घर तक नही पहुंच सका है। फोन पर परिजनों को मिली सूचना में बताया गया कि समुद्र से लाश बरामद करने के बाद दो सौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित कराबी में गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया।
इसके बाद करावी हवाईअड्डा से प्लेन द्वारा 784 मील की दूरी तय करके बैंकाक लाया जाएगा। यहां पर सारी सरकारी औपचारिकताएं पूरी कर शव को दिल्ली के लिए शुक्रवार को रवाना किया जाएगा। मृतक के पिता कन्हैयालाल शुक्ला ने बताया कि अन्त्येष्टि छह जनवरी को की जाएगी।
24 वर्षीय आलोक नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पद पर तैनात था। वह अपने दो मित्रों के साथ नव वर्ष मनाने थाईलैंड गया था। 31 दिसंबर को फिनलैंड में समुद्र के भीतर मूंगा की चट्टान देखकर लौटते समय वह फिसलकर बोट से समुद्र की गहराइयों में चला गया। पांच दिन से शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का घर में तांता लगा हुआ है।
मौत के बाद भी आलोक का लेना पड़ा अंगूठा
अपने परिजनों को सूचना देने के लिए आखिरी बार जब आलोक के मोबाइल को सुरक्षा कर्मियों ने खोलने का प्रयास किया तो उसमें फिंगर सेंसर लगे होने के कारण वह उसे नहीं खोल सके। मौत के बाद भी सुरक्षाकर्मियों ने शव का अंगूठा लगाकर मोबाइल ऑन कर परिवार वालों को सूचना दी।