जीवित रहीश अपने पुत्रों आमिर व मोहसिन के साथ
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ग्राम भगवंतपुर गोटपाली गांव के सामने मंगलवार देर रात वाहन से कुचलकर 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों के साथ पहुंची एक महिला ने क्षत-विक्षत शव की शिनाख्त कर अपना पति बताया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन व पत्नी रातभर बिलखते रहे।
सुबह छह बजे उसका पति जीवित घर पहुंचा तो परिजन सन्न रह गए। पत्नी व परिजन पोस्टमार्टम हाउस से भागकर घर पहुंचे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों के अनुसार चेहरा क्षत-विक्षत होने से उनसे शिनाख्त में चूक हुई। उधर, सड़क हादसे में मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी के अनुसार रात 12 बजे एक्सप्रेसवे पर भगवंतपुर गोटपाली गांव के पास हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तभी कोतवाली क्षेत्र के भगवंतपुर गोटपाली (शीतलगंज) निवासी आबिदा बेगम परिवार के अन्य लोगों के साथ पहुंची और शव की पहचान अपने पति रहीश के रूप में की।