कानपुर-झांसी हाईवे पर बाइक से जा रहे दोस्त ने अपने साथी को ही गोली मार दी। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहा उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों को सूचना कर दी गई है। जो भी तहरीर मिलेगी उस पर कार्रवाई की जाएगी।
एट थाना क्षेत्र के कानपुर-झांसी हाईवे पर बने प्रधान ढाबे के निकट रविवार सुबह बाइक से जा रहे दो दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर पीछे बैठे दोस्त ने आगे बाइक चला रहे दोस्त के सिर में गोली मार दी, जिससे राजकुमार उर्फ विक्की ठाकुर (29) पुत्र श्रवण ठाकुर निवासी बैरागढ़ अकोढ़ी थाना एट घायल होकर हाईवे पर गिर के लहूलुहान हो गया।
गोली की आवाज सुनकर हाईवे पर हड़कंप मच गया। पास से गुजर रहे राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे की एंबुलेंस से घायल अवस्था में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। वहीं परिजनों को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।