पंफलेट लेकर थाने में शिकायत करने पहुंचा पीड़ित।
यूपी के औरैया जिले में गुमशुदा के पंफलेट चिपकाए जाने का अनोखा मामला सामने आया है। जिस शख्स को गुमशुदा दिखाकर सूचनाएं दीवारों पर चिपकाई जा रही थीं दरअसल वो तो अपने घर पर ही रह रहा उसे कुछ भी नहीं हुआ है। अपने घर के बाहर चिपका पंफलेट देखकर पीड़ित भी हैरान है। पुलिस मामले की जांच कर ही है दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
औरैया फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम कोठीपुर निवासी रामकिशोर उर्फ सुदामा पुत्र करतार सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव के पंकज पुत्र रामआसरे व अट्ठे पुत्र बांकेलाल उससे रंजिश मानते हैं। इन्होंने कंप्यूटर से पंफलेट छपवाकर गांव में बिजली के खंभों, मकानों की दीवारों पर चिपका दिए।
पंफलेट में फोटो भी लगी है। पंफलेट में लिखा है, गुमशुदा की तलाश है। यह व्यक्ति घर से कहीं चला गया है। अगर किसी को पता चले तो तत्काल इस नंबर पर सूचना दें। पंफलेट पर पुत्री का मोबाइल नंबर लिखा गया है।
पीड़ित ने बताया कि इन लोगों से पुरानी रंजिश है। यह हत्या करवाना चाहते हैं। पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।