उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक युवती का शव कुएं में मिला, शव बोरे में भरा था। मां-बाप का इस घटना के बाद से मौके पर न मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। इससे लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
फतेहपुर/अल्लीपुरः रैना और दावतपुर के बीच स्थित जंगल के कुएं में शुक्रवार को युवती का शव मिला है। शव बोरे में भरा था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। बताया जाता है कि युवती के मां-बाप समेत अन्य सदस्य घर पर नहीं हैं। घर में केवल तीन बच्चे हैं। हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मलवां थाना क्षेत्र के रैना और दावतपुर के बीच जंगल में खरगी बाबा कुआं है। दुर्गंध आने पर शुक्रवार को चरवाहे ने कुएं में झांका तो बोरा उतराता दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर एसओ अनूप सिंह पहुंचे। पुलिस ने कुएं से बोरा निकलवाया तो उसमें करीब 18 वर्षीय युवती का शव निकला। ग्रामीणों ने सड़े गले शव को पहचानने से इनकार कर दिया।
कुछ लोगों ने पुलिस को लाश पड़ोसी गांव हसनापुर की होनी बताई। हसनापुर पहुंची पुलिस को पता चला है कि गांव की एक युवती घर और पड़ोसियों के यहां चोरी करती थी। उसके किसी से प्रेम संबंध भी थे। इससे परिवार के लोग परेशान थे। विरोध करने पर परिजनों से मारपीट करती थी।
करीब एक हफ्ते पहले परिजनों से उसका विवाद हुआ था। झगड़े के बाद से ही वह लापता है। कयास लगाए जा रहे कि परिवार वालों ने उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। लाश कुएं से मिलने की खबर के बाद से परिवार वाले गायब हो गए। युवती परिवार की बड़ी बेटी थी। उससे छोटी दो बहनें और चार भाई हैं। घर में पुलिस को एक बहन और दो भाई मिले। पुलिस को परिजनों के बारे में पता नहीं चल सका। एसओ अनूप सिंह ने बताया कि शव बोरे में मिला है। इससे साफ होता है हत्या कर शव फेंका गया है। हसनापुर गांव के संभावित परिवार की खोजबीन की जा रही है। फिलहाल उनके आने पर पुष्टि के साथ शिनाख्त हो सकेगी। पोस्टमार्टम में डीएनए जांच की कार्रवाई होगी।