हाईटेंशन लाइन पर वो चढ़ता जा रहा था, उसे कोई रोकता भी कैसे ऊंचाई इतनी ज्यादा थी कि वहां तक पहुंचना बड़ा मुश्किल था। तभी अचानक वो लड़का हाईटेंशन लाइन के तार पर चलने लगा। मामला यूपी के कानपुर देहात जिले का है।
कानपुर देहात रूरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव के बाहर लगे बिजली के टॉवर पर एक मानसिक रूप से बीमार युवक चढ़ गया। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बंद कर पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से युवक को नीचे उतारा गया। युवक किसी दूसरे प्रांत से है, इसलिए भाषा नहीं समझ पाने से लोग परेशान रहे।
शुक्रवार की दोपहर किशुनपुर गांव से निकली हाईटेंशन लाइन के 40 मीटर ऊंचे हाइड्रो ट्रांसमिशन इलेक्ट्रिक टॉवर पर एक मानसिक रूप से बीमार युवक चढ़ गया। गांव के अर्चित पांडेय ने रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने बात नहीं सुनी। देखते ही भारी भीड़ एकत्र हो गई।
प्रधान लल्लू बाजपेई की सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। हाईटेंशन लाइन होने की वजह से कोई उपाय नहीं कर पाए। युवक टावर में लगे जंफर तक पहुंच गया। उसके चलने पर चिंगारी उठी तो वह रुक गया। एसडीओ ईश्वर चंद्र तिवारी ने उच्चाधिकारियों को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। पुलिस ने खाना आदि दिखाकर नीचे उतरने का इशारा किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतर आया। वहां बचाव कार्य में लगी टीम ने राहत की सांस ली। एसओ बीएम वर्मा ने बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार है, किसी अन्य प्रदेश की भाषा बोल रहा है । इससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है।