हरदोई जिले में मल्लावां कस्बे के तेंदुआ गांव निवासी पीसीएस अफसर की पत्नी, व वर्तमान में कानपुर की कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नीलिमा कटियार बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में बतौर राज्यमंत्री शामिल हो गईं। राज्यपाल आनंदी बेन ने राजभवन में अन्य मंत्रियों के साथ ही नीलिमा कटियार को भी पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कानपुर के कल्यानपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नीलिमा कटियार की ससुराल मल्लावां ब्लॉक के तेंदुआ गांव में है। उनके पति धर्मेंद्र कुमार पीसीएस अधिकारी हैं। नीलिमा कटियार पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार की बेटी हैं।
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन में कैबिनेट का विस्तार किया। राज्यमंत्री पद के लिए नीलिमा कटियार का नाम पुकारे जाते ही मल्लावां में रह रहे उनके परिजनों के साथ ही पूरे क्षेत्र व जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। यहां गांव में रह रही जेठानी चंद्रावती पत्नी अवधेश कुमार ने नीलिमा के मंत्री बनने की खबर मिलते ही लोगों का मुंह मीठा कराया।
बताया कि वह पति के साथ गांव में रहती हैं। देवर ललित पुलिस में है, वह परिवार के साथ लखनऊ में रहता है। जबकि धर्मेंद्र व नीलिमा कानपुर में रहते हैं। भाजपाइयों ने भी मल्लावां की बहू के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर खुशी जताई है।