फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: हाईवे पर खड़े यमदूत, कोहरे में बनेंगे हादसे का सबब

Sun, 14 Dec 2025 01:56 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। मौसम में आए बदलाव के बाद अब सुबह व रात में कोहरे की हल्की धुंध पड़नी शुरू हो गई है। कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने पर सड़क दुर्घटना होने की आंशका बनी रहती है। इसमें हाईवे व सर्विस रोड पर खड़े ट्रक, डंपर और अन्य वाहन मुख्य कारण बनते हैं।
विज्ञापन

यातायात माह में पुलिस प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए हाईवे व सर्विस रोड पर प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े होने वाले 310 वाहनों का चालान व 30 को सीज करने की कार्रवाई की थी। साथ ही इन वाहनों पर करीब 11, 46, 610 रुपये का जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा 145 होटल, ढाबों सहित अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को सड़क पर वाहन खड़ा कराने को लेकर नोटिस भी जारी किया गया। यही नहीं इसके लिए प्रारूप तैयार करते हुए नोटिस जारी करने के दौरान संबंधित थानों के प्रभारी व नोटिस तामील कराने वाले सिपाही की जिम्मेदारी भी तय की गई थी।
इसका उद्देश्य सर्दी में कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर अंकुश लगाना रहा, लेकिन हालात में सुधार नहीं दिखे। शनिवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने पड़ताल की तो कानपुर-इटावा हाईवे पर व सड़क किनारे वाहनों की कतार लगी नजर आई। बारा टोल, रनियां, रायपुर के पास कई जगह सर्विस रोड किनारे अवैध पार्किंग दिखी। इतना ही नहीं मुख्य मार्ग पर भी ट्रक, डंपर व कंटेनर खड़े नजर आए। इनको लेकर जिम्मेदार पूरी तरह से अनजान दिखे।
विज्ञापन

..................
वर्जन.............
हाईवे किनारे खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही ऐसे प्रतिष्ठानों को भी चिह्नित कर नोटिस दी जा रही है, जो वाहनों को सर्विस रोड पर खड़ा करवाते हैं। जल्द ही इनके खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा। - राजीव सिरोही, सीओ, यातायात
...................
हाईवे व सर्विस रोड पर खड़े होने वाले वाहनों के चालकों को ट्रक ले-बाई में पार्किंग करने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। जल्द ही इनके खिलाफ एक बार फिर से अभियान चलाया जाएगा। - सोमलता यादव, एआरटीओ (प्रवर्तन)
....................
एनएचएआई की टीम लगातार सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों को हटवाने का कार्य कर रही है, लेकिन प्रवर्तन व चालान का अधिकार टीम के पास ने होने से वह दोबारा से खड़े हो जाते हैं। इस बाबत 10 दिसंबर को सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक में अवगत कराया गया है। सबसे बड़ी समस्या रनियां क्षेत्र में है, जहां एक साथ सौ से डेढ़ सौ भारी वाहन सर्विस रोड पर खड़े रहते हैं। इसके लिए प्रवर्तन दल के सहयोग की आवश्यकता होगी, जिससे इनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। - पंकज यादव, पीडी, एनएचएआई
.......................
राजेंद्रा ओवरब्रिज, समय सुबह 10:30 बजे
केस - 01
कानपुर की तरफ से आने वाले हाईवे पर रनियां में औद्योगिक फैक्टरी के आसपास सर्विस रोड पर कई ट्रक, डंपर व टैंकर की कतार लगी नजर आई। रास्ता पूरी तरह से बंद होने की वजह से छोटे वाहन व पैदल राहगीर मजबूरन हाईवे से होकर निकलते रहे। ऐसे में हाईवे से तेज गति से गुजरने वालों वाहनों की चपेट में आने से दुर्घटना हो सकती है।
................
उमरन, समय- सुबह 11:10 बजे
केस - 02
रनियां से थोड़ा आगे बढ़ने पर उमरन में ट्रक हाईवे पर खड़े नजर आए। इनमें कई में चालक आराम फरमा रहे थे, तो कई मिस्त्री से तकनीकी खराबी को सही कराने में व्यस्त दिखे। ऐसे में रात में यह वाहन कोहरे के दौरान हादसे का कारण बन सकते हैं। जबकि इनके लिए जगह-जगह ट्रक ले-बाई बने हुए है, लेकिन यह वहां वाहन खड़ा करने की जहमत नहीं उठाते।
.................
बारा टोल प्लाजा, समय- सुबह 11:30

बारा टोल प्लाजा के दोनों लेन पर काफी बड़ा ट्रक ले-बाई बना हुआ है। इसके बावजूद वह पूरी तरह खाली नजर आया और टोल नाका के दोनों तरफ भारी वाहनों की कतार लगी थी। लंबी दूरी तय करके आने वाले चालक यहां आराम फरमाते हैं। जबकि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए तैनात पुलिस कर्मियों को यह नजर नहीं आते। शायद बड़ी दुर्घटना होने का इंतजार हो।
विज्ञापन

......................
कोहरे में सफर करते समय इन बातों पर रखें ध्यान.........
- आगे जा रहे वाहन से निश्चित दूरी बनाकर चलें।
- सड़क के बाएं किनारे व उस पर बनी सफेद पट्टियों को देखकर चलें।
- वाहन की हेडलाइट लो-बीम पर रखें। कोहरे में हाई बीम हेडलाइट की रोशनी बिखर जाती है।
- हाईवे पर बनी पीली लाइन का पालन करें।
- हेडलाइट के साथ फॉग लाइट भी अवश्य जलाकर रखें।
- वाहन की गति कम रखें ताकि अचानक कुछ आने पर कंट्रोल किया जा सके।

- कोहरे में सुरक्षित रास्ता मिलने तक ओवरटेक करने से बचें।
- वाहन के पीछे रिफ्लेक्टर लगा कर रखें।
- हाईवे पर किनारे कभी वाहन खड़ा न करें।

- हाईवे पर बनी पार्किंग में वाहन खड़ा करें।
- अपनी गाड़ी के ब्लिंकर्स को ऑन रखें, ताकि दूसरे वाहन चालकों को आपका वाहन दिख सके।
- सुबह-शाम को ड्राइव करने से बचें, कोहरे में ज्यादा हादसे इसी समय होते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें