सीएमओ दफ्तर में अधिकारियों को बयान दर्ज कराती गुलनाज। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। डेरापुर के आंबेडकर नगर स्थित अनिका क्लीनिक में मजदूर की मौत के मामले में पीड़िता ने मुकदमा लिखाने के बाद अब शिकायत वापस ले ली है। पीड़िता ने एसपी और सीएमओ दफ्तर में शपथ पत्र दिया है।
आंबेडकर नगर निवासी अंसार अली (45) की 25 फरवरी को तबीयत बिगड़ी तो पत्नी गुलनाज ने अनिका क्लीनिक (उदय अस्पताल) में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई थी। थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर हंगामा किया गया था। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल की तरफ से एक युवक ने गुलनाज से वार्ता कर उसे मुआवजा दिया। इसके बाद गुलनाज ने थाने में विवेचक को शपथ पत्र देकर कहा कि किसी के बहकावे में आकर शिकायत की थी। पति की मौत रास्ते में हो गई थी। इसके बाद युवक के साथ गुलनाज दोपहर सीएमओ दफ्तर पहुंची।
नर्सिंगहोम नोडल अधिकारी डॉ. एसएल वर्मा और डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष बाजपेयी को भी मामले की जानकारी दी। इस पर अधिकारियों ने उसके लिखित बयान लिए।