खून से पत्र लिखते वित्तविहीन के शिक्षक।
यूपी के हरदोई में शिक्षकों ने अपने 'खून से खत' लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए भेजा है। जिले में माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के बैनर तले वित्तविहीन शिक्षकों का मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी है। रविवार को शिक्षकों ने मानदेय की मांग की।
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के बैनर तले रविवार को वित्तविहीन शिक्षकों ने रविवार को भी मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया। शिक्षकों ने खून से पत्र लिखकर प्रभारी डीआईओएस सुधाकर बाजपेई को सौंपा। कहा कि उनकी खून की कीमत को समझते हुए मानदेय जारी किया जाए। ताकि प्रदेश के वित्तविहीन शिक्षकों के परिवार का भरण पोषण हो सके। महासभा के जिलाध्यक्ष बादाम सिंह ने बताया कि अगर उनकी मांगें न मानी गईं तो सोमवार को 11 बजे से शिक्षक सड़कों पर निकल कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर बादाम सिंह, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, झब्बूलाल, अश्वनी शर्मा, रमा बाजपेई, पुष्पा त्रिवेदी, बीना शुक्ला, रेनू देवी मौजूद रहीं।