कानपुर। महिलाओं और युवतियों के लिए अमर उजाला नवरात्र में विशेष सहूलियत लेकर आया है। 23 सितंबर को फजलगंज स्थित अमर उजाला के अपराजिता सेंटर में विशेष लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस शिविर में महिलाएं और युवतियां आसानी से अपना लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकेंगी।
अमर उजाला समय-समय पर महिलाओं और युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शिविर व कार्यशालाएं आयोजित करता रहा है। इसी कड़ी में यह शिविर न सिर्फ महिलाओं को ड्राइविंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का अवसर देगा बल्कि उन्हें परिवहन संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम बनेगा। इस शिविर में जो युवतियां 18 वर्ष से ऊपर हो चुकीं हैं और जिनको लर्निंग लाइसेंस के लिए भटकना पड़ रहा है वह आसानी से बनवा सकतीं हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) आलोक कुमार ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस बनने के बाद एक से छह महीने के भीतर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया जा सकता है। इसके लिए संबंधित आरटीओ कार्यालय में प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ऐसे मिलेगा लर्निंग लाइसेंस
लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदिकाओं को आधार कार्ड और उसमें दर्ज मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। मौके पर ही सरकारी फीस 350 रुपये आवेदकों को जमा करनी होगी। किसी भी प्रकार की समस्या के लिए 9335031193 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।