डेरापुर। थाना क्षेत्र के अगवासी गांव में गुरुवार को एक महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अगवासी गांव निवासी चंद्रशेखर दिल्ली में रहकर प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। उसकी पत्नी गुड़िया देवी, बेटी नैना, रजनी व बेटे सूर्या सहित गांव में रहते हैं। गुरुवार की सुबह करीब चार बजे गुड़िया देवी को बिस्तर पर न देख उसकी छह वर्षीय बेटी नैना ने तलाश की।
न मिलने पर परिवारीजनों को जानकारी दी। इस पर महिलाओं ने घर के भूसे के कमरे देखा तो वहां उसका शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ आशापाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक आलोक सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और छानबीन की।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट व तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। (संवाद)