यूपी के कन्नौज जिले में शहर के मोहल्ला रामपुर बैजू में मंगलवार रात दो पक्षों में हुए मारपीट और पथराव में एक परिवार के छह लोग घायल हो गए। इसमें एक महिला ने बुुधवार को सौ शैय्या अस्पताल में दम तोड़ दिया, दो को गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मोहल्ले के रामपुर बैजू निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र गंगाचरन ने बताया कि उसे सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन मिला है। मंगलवार को कर्मचारी उसके घर पर मीटर लगाने पहुंचे। आरोप है कि पड़ोसी दिनेश यादव की पत्नी किरन कर्मचारियों को यह कहकर भड़काने लगी कि उसके ऊपर एक लाख का बकाया है। इस पर कर्मचारियों ने मीटर नहीं लगाया। नाराजगी जताने पर किरन ने गाली गलौज की।
मंगलवार देर शाम सुरेंद्र मां का आपरेशन कराकर घर लौटा था। आरोप है कि किरन यादव, शानू यादव, अमित यादव, आकाश, विकास और गोविंद आदि ने उसके घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से परिजनों को पीटा, पथराव भी किया। मारपीट पथराव में सुरेंद्र की पुत्री डिंपल, सिंपल, मां धनाश्री, दीक्षा, नरेंद्र और रिचा घायल हो गईं। सभी को पुलिस ने सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह धनाश्री की मौत हो गई। गंभीर हालत के चलते नरेंद्र और रिचा को मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया है।
कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिस महिला की मौत की बात बताई जा रही है, उनका नाम घायलों की सूची में शामिल नहीं है। अस्पताल से मेमो आता है तो उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।