रोते-बिलखते मृतका के मायकेवाले, माधुरी का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। मायके वालों के पहुंचते ही ससुरालीजन मौके से खिसक गए। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेजहत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शाहजहांपुर जिले के थाना व कसबा अल्लागंज निवासी गंगादीन ने पुत्री माधुरी देवी (28) की शादी करीब छह साल पहले कंपिल के कमरुद्दीनपुर गांव निवासी रामखेलावन से की थी। माधुरी के दो साल का बेटा रौनक है। रामखेलावन आगरा में नौकरी करता है। बताते हैं कि मंगलवार रात पुत्र के साथ माधुरी कमरे में लेटी थी और उसकी सास व ससुर गयादीन बाहर लेटे थे।
माधुरी जिस कमरे में लेटी थी, उसके दरवाजे में कुंडी नहीं है। रात करीब 12 बजे सास माधुरी के कमरे में पहुंचीं और दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं खुला। जब उसने तेजी से धक्का दिया तो सिलिंडर गिर पड़ा। अंदर माधुरी का शव फंदे से लटका था और रौनक सो रहा था। यह देख सास ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए।