कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के रनियां चौकी के निकट शनिवार की शाम हाईवे पार कर रही एक महिला बाइक की टक्कर से घायल हो गई। कानपुर के निजी अस्पताल में रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रनियां पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
चिराना निवासी संध्या (50) पत्नी स्व बबुई शनिवार शाम पैदल हाईवे पार कर रही थी। इस दौरान अकबरपुर की तरफ से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल भिजवाया।
वहां से परिजन महिला को कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रनियां चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाइक कब्जे में ली गई है। बाइक चालक को हिरासत में लिया गया है।
भेंदामऊ में अनियंत्रित लोडर तालाब में गिरा
संदलपुर। भंदेमऊ गांव में रविवार की देर शाम एक अनियंत्रित लोडर ठाकुर बाबा मंदिर के पास स्थित तालाब में पलट गया। ग्रामीणों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों के अनुसार रविवार की रात आठ बजे दूध डेरी का लोडर भंदेमऊ से मंगलपुर की तरफ आ रहा था। भंदेमऊ में लोडर अनियंत्रित होकर ठाकुर बाबा मंदिर बड़े तालाब में पलट गया। इस दौरान गांव के लोग पहुंच गए और रसूलाबाद निवासी चालक रवि को किसी तरह से बाहर निकाला। (संवाद)