महोबा जिले के कुलपहाड़ में कोतवाली कुलपहाड़ के महेबा गांव में भाई को बीस हजार रुपये देने से नाराज पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
महेबा गांव निवासी संजय अहिरवार ने दो माह पहले अपने बड़े भाई को मकान बनाने को बीस हजार रुपये उधार दिए थे। इसको लेकर संजय का अपनी पत्नी सोमवती (26) से विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी मायके चली गई। तीन दिन पहले वह घर लौटी तो पैसे दिए जाने की बात को लेकर एक बार फिर कहासुनी हो गई।
नाराज महिला ने मकान के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय पति किसी कार्य से बाहर गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की शादी छह वर्ष पहले हुई थी।
घटना के बाद उसके दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति संजय ने बताया कि दूसरा कोई विवाद नहीं हुआ था। कोतवाली प्रभारी रवींद्र तिवारी का कहना है कि मामले की विवेचना कराई जा रही है। पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।