फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: रूरा में खुले रेलवे क्रॉसिंग तो बढ़े कारोबार

Sat, 07 Dec 2024 12:47 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। रूरा में रेलवे क्रॉसिंग बंदी अवधि बीतने के बाद भी नहीं खोली जा रही है। पहले डीएफसीसी की वजह से क्रॉसिंग फाटक बंद रहा। अब सेतु निगम के सुस्त काम की वजह से क्रॉसिंग बंद है। संकरे वैकल्पिक अंडरपास मार्ग पर जाम से वाहन सवारों को जूझना पड़ता है। बड़े वाहन, सरकारी एंबुलेंस आठ किमी. चक्कर काट कर निकल पाती हैं।
विज्ञापन

आरओबी का काम जनवरी 2020 में शुरू हो गया था। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी बन रहा है। पांच साल होने को है, लेकिन आरओबी पर सफर का इंतजार बढ़ता जा रहा है। रेलवे ट्रैक के ऊपर मुख्य सेतु के लिए डीएफसीसी के अनुरोध पर पहले दो माह के लिए रेलवे क्रॉसिंग बंद की गई। इसके बाद दो महीने का समय और बढ़ा दिया गया।
जानकारों का कहना है कि इसके बाद अफसरों ने लिखापढ़ी में तो रेलवे फाटक बंद नहीं किया, लेकिन मुख्य सेतु के काम को लेकर वाहनों की आवाजाही में हादसे की आशंका जता क्रॉसिंंग फाटक नहीं खोला गया। अब करीब एक साल से क्रॉसिंग फाटक बंद है। डाकघर के पास मुख्य सेतु से सड़क की तरफ बने पुल को जोड़ने का काम सेतु निगम करा रहा है। इसके लिए पाइप शटरिंग लगाई गई है। अभी स्लैब ढालने में विलंब है। यह काम पूरा कराने के लिए दिसंबर अंत तक समय दिया गया था। मगर अभी काफी काम बाकी है।
विज्ञापन

आरओबी पर सड़क बनाने का काम अभी शुरू नहीं हो सका है। इसके लिए सेतु निगम अलग से समय लेगा। माना जा रहा है कि अगले साल जनवरी अंत में मुख्य सेतु से पिलरों को जोड़ने के बाद सेतु निगम सड़क बनाने के लिए समय की अतिरिक्त मांग करेगा। इससे अगले साल मार्च से पहले आरओबी पर सफर में संशय है। फिलहाल डेरापुर मार्ग से भटौली के रास्ते सराय गढ़ेवा होकर इंजुआरामपुर अंडरपास होकर आठ किमी. का चक्कर काटकर सरकारी एंबुलेंस निकल रही हैं।
वहीं माल वाहन वाहनों को भी चक्कर लगाना पड़ रहा है। हल्के वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक आदि अंडरपास से निकलते हैं। यह रास्ता संकरा होने से हर दिन जाम लगता है। कारोबारियों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग खोल देनी चाहिए। प्रशासनिक अफसर सेतु निगम की सुविधा असुविधा देख रहे हैं। आमजन की सहूलियत का ख्याल किया जाता तो रेलवे क्रॉसिंग फाटक बंद नहीं रहता।
.............
कारोबार फीका तो दुकानदार परेशान
आरओबी एक साल में पूरा होने का लक्ष्य था, पांच साल होने को हैं। यहां यह कहना गलत नहीं होगा की काम बेहद सुस्ती से हुआ है। नगर में तीन बैंक अकबरपुर मार्ग की तरफ हैं, जबकि एक बैंक बाजार की ओर नहर के पास है। कारोबारियों को बैंक संबंधी काम से एक तरफ से दूसरी तरफ जाना होता है। संकरे अंडरपास पर घंटों जाम में फंसने से समय जाया होता है। इधर सर्विस लेन भी उखड़ी पड़ी है। रेलवे क्रॉसिंग फाटक एक साल से बंद है और अब आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) का काम शुरू करा दिया गया है। इसमें भी एक साल का समय लगने की बात कही जा रही है। हर तरफ खोदाई, उड़ती धूल और उखड़े रास्तों से कारोबार फीका हो गया है।
............................
वर्जन...
सेतु निगम रेलवे ट्रैक पर बने मुख्य सेतु से पिलरों को जोड़ने का काम जनवरी अंत तक करा लेगा। इसके बाद सड़क बनाई जाएगी।
बीके सैन, परियोजना प्रबंधक सेतु निगम।
.............
सेतु निगम अभी रेलवे क्रॉसिंग के करीब ही आरओबी का काम करा रहा है। फाटक खुलने पर वाहनों पर कंक्रीट या फिर अन्य वस्तु गिरने का खतरा है। सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे क्रॉसिंग फाटक नहीं खोला जा रहा है। - अमित सिंह, जनसंपर्क अधिकारी रेलवे
.........
मुख्य सेतु पर डीएफसीसी का काम लगभग पूरा है। अब सेतु निगम रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओेर पिलरों को इससे जोड़ने का काम करा रहा है। इसको लेकर उनके अधिकारियों के अनुरोध पर दिसंबर अंत रेलवे क्रॉसिंग बंद रखने का निर्णय लिया गया है। काम पूरा होने पर क्रॉसिंग खुलने की उम्मीद है। - अवनीश कुमार सिंह, एसडीएम अकबरपुर
विज्ञापन

.
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें