कानपुर। महाराजपुर में शनिवार सुबह नौ बजे नेशनल हाईवे पर चलते हुए ट्रक का पहिया निकलकर करीब 400 मीटर तक दौड़ता रहा। महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास पहिया दूसरी लेन में जाकर प्रयागराज डिपो की बस से टकरा गया। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार 40 यात्री सुरक्षित बच निकले।
विज्ञापन
राजस्थान से पटना की ओर रिफाइंड तेल लेकर जा रहे ट्रक का अचानक पहिया निकल गया। ट्रक चालक आरिफ खान के मुताबिक पहिया तेजी से सड़क पर लुढ़कता हुआ करीब 400 मीटर तक चला गया। हाईवे की दूसरी लेन में जाकर बस से टकरा गया। बस चालक ने पहिया सामने आते देख तत्काल ब्रेक लगाकर बस रोक दी। इससे यात्री चोटिल होने से बच गए।
इस दौरान पहिये के आसपास के गुजर रहे छोटे वाहन उसकी चपेट में आने से बच गए। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के अनुसार बस चालक ने हादसे को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई और यात्रियों को लेकर गंतव्य के लिए रवाना हो गया।