चीन के पूर्वी तट से टकराने वाले टाइफून डॉल्फिन का असर मौसम पर दिखने लगा है। टाइफून ने बंगाल की खाड़ी से कानपुर परिक्षेत्र की तरफ आने वाली नमी को कम कर दिया है। इसका असर मानसूनी बारिश पर पड़ने के आसार बन गए हैं। नमी और हवाओं के रुख पर भी असर पड़ रहा है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि टाइफून वायु मंडलीय स्पंज की तरह कार्य कर रहा है। हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी की तरह से आने वाली नमी को पश्चिमी प्रशांत महासागर की तरफ खींच लिया है। बताया कि स्थिति का आकलन कर रहे मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अच्छी बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनना आवश्यक है। अन्य वायु मंडलीय उथल पुथल के कारण हवा के दबाव का संतुलन बिगड़ गया है।