पारा 40 डिग्री के नजदीक पहुंचते ही तपिश और तेज हो गई। दोपहर में बाहर निकले लोगों के मुंह सूखने लगे। एयरफोर्स स्टेशन के सेंटर पर अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी तापमान क्रमिक रूप से बढ़ता रहेगा। रात में आसमान साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान से अधिक उछाल न्यूनतम तापमान ने मारा है। हवा का रुख बदलते ही लू चलना शुरू हो जाएगी।
बुधवार को अधिकतम तापमान में 24 घंटे के अंदर एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की बढ़त हुई है। सीएसए की मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। डॉ. पांडेय ने बताया कि पेड़ों के घनत्व के कारण एयरफोर्स और सीएसए में लगभग एक डिग्री का फर्क आता है। उन्होंने बताया कि हिमालयीय क्षेत्र से ठंडक लेकर आने वाली हवाएं थमी हैं। अब राजस्थान के थार मरुस्थल से गर्म हवाएं आएंगी। इससे लू के थपेड़े लगने लगेंगे।
उन्होंने बताया कि आसमान साफ रहने की वजह से धूप बिना रुकावट आ रही है। इससे तपिश अधिक लग रही है। माहौल में नमी के उतार-चढ़ाव के कारण धूप की चुभन अधिक बढ़ जा रही है। सीएसए के मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों में आसमान साफ रहने का अनुमान जारी किया है। डॉ. पांडेय ने बताया कि पशुओं को बाड़े में रखें। शाम को निकालें। धूप में काम करने वाले लोग बराबर पानी पीते रहें। दोपहर को तेज धूप में बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें।