सीएसए के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अधिकतम तापमान अभी और बढ़ेगा। माहौल में नमी के कारण गर्मी जितनी है, उससे अधिक लगेगी। गुरुवार को सीएसए में अधिकतम तापमान सामान्य औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 42.4 डिग्री रहा। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से थोड़ा अधिक 25 डिग्री रहा। वहीं एयरफोर्स सबस्टेशन क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. पांडेय का कहना है कि शुक्रवार को लगभग एक डिग्री तापमान और बढ़ने का अनुमान है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान और बढ़ सकता है। इस दौरान बाहर निकलने से बचें। शनिवार से हवाओं का रुख बदलने से मौसम में बदलाव हो सकता है।
इस बार मानसून के समय से कानपुर परिक्षेत्र पहुंचने की उम्मीद है। मानसून गतिविधियां 21 मई से बंगाल की खाड़ी में शुरू हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र समेत उत्तर भारत में अभी मौसम इसी तरह रहने की उम्मीद है। दूसरे प्रदेशों में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र बने हुए हैं, लेकिन उनका असर कानपुर पर नहीं आएगा। मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तपिश फसलों के लिए नुकसानदेह है। अगले पांच दिन हल्के बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना नहीं है।