मानसून की विदाई के बाद कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसकी वजह से अलग-अलग स्थानों पर 20 से 30 मिनट के बीच 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को कानपुर क्षेत्र में भी इसी तरह की स्थिति रही, लेकिन यहां पर हवा की रफ्तार 20 किमी प्रति घंटा रही। कन्नौज, फतेहपुर, कानपुर ग्रामीण, कानपुर देहात में भी इसी तरह की स्थिति रही।
एक दिन पहले कानपुर ग्रामीण क्षेत्र के सरसौल और बिल्हौर के 10 किमी के दायरे में 40 किमी की रफ्तार से हवा चली। जिससे कई पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए थे। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस तरह की स्थिति प्रदेश के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों के जिलों में अधिक रहेगी। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात को बताया जा रहा है।