राजपुर। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सीएचसी, पीएचसी की ओपीडी में वायरल बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। उल्टी पेट दर्द व बुखार से पीड़ित रोजाना करीब 40-50 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड के कारण शरीर जल्दी प्रभावित हो रहा है। इसी वजह से वायरल संक्रमण और पानी की कमी से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं। राजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में आने वाले मरीजों में सबसे अधिक संख्या बुखार, सर्दी-खांसी, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत वाले मरीजों की है। इधर सलेमपुर सीएचसी में भी इन दिनों मरीजों की भीड़ है। यहां भी रोजाना बड़ी संख्या में मरीज डिहाइड्रेशन और तेज बुखार से पीड़ित इलाज कराने आ रहे हैं। कई मरीजों को भर्ती तक करना पड़ रहा है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में उल्टी पेट दर्द और दस्त की समस्या अधिक है।
सीएचसी, पीएचसी के चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में लापरवाही भारी पड़ सकती है। पर्याप्त पानी न पीना, बाहर का अस्वच्छ खाना और धूप में ज्यादा देर रहने से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। वहीं वायरल संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है, जिससे एक ही परिवार के कई सदस्य बीमार हो रहे हैं। राजपुर पीएचसी के चिकित्सक डॉ आशीष मिश्रा, डॉ शिव विनायक त्रिपाठी, डॉ हरदीप सिंह ने मरीजों को सलाह दी है कि वे उबला या साफ पानी पिएं, ताजा भोजन करें और बाहर के कटे-फटे फल व फास्ट फूड से परहेज करें। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।