कानपुर देहात। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। यह अभियान उनके सशक्तिकरण और सम्मान को बढ़ावा देता है। ये बातें मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में मिशन शक्ति अभियान 5.0 का द्वितीय चरण के तहत आयोजित जागरुकता, सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कही।
उन्होंने कहा प्रदेश सरकार महिला स्वावलंबन पर जोर दे रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक कर सशक्त बनाया जा रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहा इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 की जानकारी दी। उन्हें कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा के उपाय और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।
जनपद स्तर पर बहादुरी का कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। पुलिस को सहयोग देने वाले स्कूल शिक्षक और स्थानीय नागरिकों को भी उपहार दिए गए। महिला पुलिस कर्मियों के उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें सराहा गया। पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने सभी को आत्मरक्षा व सतर्कता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा मिशन शक्ति का लक्ष्य समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। यहां सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण, समाज कल्याण अधिकारी, अध्यक्ष किशोर न्याय बोर्ड, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल कल्याण समिति अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।