नगर निगम में जन सुनवाई करते राज्य सूचना आयुक्त
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में नगर निगम के मीटिंग हॉल में सुनवाई करते हुए राज्य सूचना आयुक्त सुभाष चंद्र सिंह ने दूसरे दिन मंगलवार को 31 मामले निपटाए और 10 मामलों में आगे की तारीख दी। एक मामला ऐसा भी उनके सामने आया, जिसमें नगर निगम अपने ही कर्मचारी को दो साल नौ महीने से सूचना के लिए टहला रहा था।
सूचना आयुक्त ने 10 दिन के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य सूचना आयुक्त आरटीआई के ऐसे मामलों की सुनवाई करने आए हैं, जिनका नगर निगम ने अभी तक जवाब नहीं दिया है। इसी क्रम में नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग के स्विच मैन राकेश कुमार का मामला उनके सामने पहुंचा।
15 नवंबर 2018 को उन्होंने आरटीआई के तहत नगर निगम से अपनी सेवा पुस्तिका की प्रमाणित कापी मांगी थी। राज्य सूचना आयुक्त ने कार्मिक विभाग के मुख्य अभियंता आरके पाल को 10 दिन में सेवा पुस्तिका की कापी देने को कहा है। वहीं विश्वनाथ गुप्ता की शिकायत लोकहित की न होने के कारण खारिज कर दी।