कहते हैं कि मोहब्बत और जंग में सब जायज है, कुछ ऐसा ही हुआ चुर्खी थाना क्षेत्र में जहां प्रेमी अपनी प्रेमिका से पहुंचा तो था मिलने लेकिन ग्रामीणों को जब पता लगा तो उन्होंने पहले प्रेमी को बंधक बनाया और बाद में उसी प्रेमिका के साथ उसके सात फेरे भी करा दिए। हंगामे की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई।
सीओ कालपी वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमी प्रेमिका दोनों बालिग हैं और दूर के रिश्तेदार भी है। लिहाजा दोनों के परिवार शादी को राजी हो गए और लड़की को विदा भी करा दिया गया है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम मुसमरिया में बुधवार को ग्राम अभेदेपुर निवासी एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा। तभी कुछ ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने दोनों को मिलते हुए पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रेमी को नलकूप की कोठी में बंधक बना लिया। फिर गांव में पंचायत हुई और प्रेमिका के परिजनों की मर्जी से दोनों की वहीं पर शादी करा दी गई।
इसके कुछ देर बाद प्रेमी के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए और जबरन बेटे की शादी कराए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। थाने में प्रेमी ने बताया कि वह आटा के डिग्री कालेज में स्नातक की अपनी परीक्षा देने के बाद प्रेमिका से मिलने आया था। सीओ के मुताबिक दोनों पक्ष आखिर में शादी को राजी हो गए। इसके बाद प्रेमिका को उसके जीवन साथी के साथ विदा भी कर दिया गया।