मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी व किसान। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। ग्राम पूराबहादुर में चकबंदी को लेकर भाकियू और ग्रामीण आमने-सामने आ गए हैं। भाकियू के साथ आंदोलन कर रहे कुछ ग्रामीण गांव में चकबंदी नहीं चाहते हैं। इसको लेकर दो दिन से कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे हैं। उधर, गांव के अन्य ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर गांव में चकबंदी कराने की मांग की। ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी दिया।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष अशोक राठौर के नेतृत्व में किसानों ने गुरुवार को भी कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें न मानी गईं तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान उदयपाल सिंह, मदन पाल सिंह, मुकेश राठौर, वीरपाल सिंह, विवेक कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। उधर, पूराबहादुर के ही ग्रामीणों ने गुरुवार को चकबंदी कराने के लिए कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंपा। इसमें गोपाल शंकर दीक्षित, उमेश कुमार सिंह, अनिल सिंह, श्रीश चंद्र बाजपेयी, राजू सिंह आदि ने कहा कि गांव के कुछ लोगों ने ग्राम समाज के चकरोडों पर कब्जा कर रखा है।
लघु एवं सीमांत गरीब किसानों को गुमराह करके धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और चकबंदी को रोकना चाहते हैं। जो जनहित एवं न्यायहित में नहीं है। ज्ञापन में चकबंदी प्रक्रिया पूरी कराए जाने की मांग की। इस मौके पर धर्मेंद्र सिंह, गामा, अमोल सिंह, रोहित सिंह, रक्षपाल सिंह, महेश्वर, मशाल सिंह, सुरेश सिंह भी मौजूद रहे।