कानपुर देहात। शौचालय निर्माण के लिए सरकारी धनराशि देने में दो ग्राम सचिवों ने खेल कर दिया। देवराहट ग्राम पंचायत में 66 लाभार्थियों को शौचालय निर्माण की दूसरी किस्त न देकर 3.96 लाख रुपये गबन कर लिया। जांच टीम ने कार्रवाई के लिए रिपोर्ट डीपीआरओ को साैंपी है।
अमरौधा विकासखंड की ग्राम पंचायत देवराहट में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-1 योजना अंतर्गत लाभार्थियों के शौचालयों का निर्माण कराया जाना था। जिसमें से गांव के गयादीन, रज्जन, अनूप कुमार, राजेश्वरी, मुक्ता प्रसाद, संजय, रेखा, सुनील समेत 66 लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए पहली किस्त तो जारी कर दी गई, लेकिन दूसरी किस्त के तौर पर प्रति लाभार्थी छह हजार रुपये नहीं दिए गए। शिकायत पर मामले की जांच स्वच्छ भारत मिशन के डीसी विमल कुमार ने की।
उन्होंने पाया कि 66 लाभार्थियों ने बिना दूसरी किस्त मिले ही शौचालयों का निर्माण पूरा करा लिया। इस तरह तत्कालीन ग्राम सचिव मदन लाल व सचिन रस्तोगी ने दूसरी किस्त के 3.96 लाख रुपये खुद ही हड़प लिए। जांच अधिकारी ने कार्रवाई के लिए रिपोर्ट डीपीआरओ व सीडीओ को दी है। प्रभारी डीपीआरओ विनोद कुमार यादव ने बताया कि मामले में ग्राम सचिवों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।