बिकरू कांड में अब आईबी सक्रिय हो गई है। दिल्ली आईबी की टीम ने कानपुर आकर शिकायतकर्ता अधिवक्ता के बयान लिए। अधिवक्ता की शिकायत पर ही आईबी ने तफ्तीश शुरू की है। आईबी जय और विकास के करीबी रहे पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
बिकरू के कुछ लोगों से भी पूछताछ की गई है। अधिवक्ता सौरभ भदौरिया ने ईडी से लेकर तमाम विभागों में जय और विकास की शिकायतें की हैं। आईबी से भी जय और विकास के पुलिस अफसरों से लेकर अन्य अधिकारियों से भी सांठगांठ की शिकायत की थी।
इस मामले में आईबी की टीम शुक्रवार को शहर आई। सौरभ के बयान लिए। उन्होंने कुछ दस्तावेज भी सौंपें हैं। जय और विकास की संपत्तियों के साथ ही करीबी पुलिसकर्मियों के बारे में भी जानकारी दी। दो सप्ताह के भीतर सौरभ को आईबी ने दिल्ली बुलाया है। कुछ अन्य दस्तावेज भी मांगे हैं।
बयान दर्ज कराने के लिए भेजा रिमाइंडर
बिकरू कांड में फंसे 10 सीओ की जांच एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार कर रहे हैं। मेरठ में तैनात एक सीओ को छोड़कर अन्य सभी के बयान हो चुके हैं। एसपी पश्चिम ने उन्हें बयान के लिए रिमाइंडर भेजा है। सीओ ने जांच अधिकारी से संपर्क कर बताया कि उनकी ड्यूटी किसान आंदोलन में लगी है। लिहाजा बयान दर्ज कराने में उनको थोड़ा वक्त लगेगा।