झींझक। कस्बे के शांति विद्या निकेतन स्कूल में गुरुवार को छोटे बच्चों की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहले दिन पीजी के बच्चों के बीच होने वाली खरगोश दौड़ में विधि को पहला स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, यूकेजी के बच्चों के बीच हुई बॉल बैलेंसिंग प्रतियोगिता में रुद्राक्ष प्रथम रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष अमित तिवारी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल आवश्यक है। मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के लिए नगर पालिका को स्टेडियम की सौगात दी है। इसके लिए भूमि चिह्नित की जा चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएाग।
प्रबंधक नीरजा शर्मा ने बताया कि कक्षा पीजी के बच्चों के बीच होने वाली खरगोश दौड़ में कृतिका को दूसरा व वंश को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं, यूकेजी के बच्चों के बीच हुई बॉल बैलेंसिंग में रुद्रा द्वितीय व नितिन तृतीय रहे। एलकेजी में हुई मेढ़क दौड़ में प्रिंस ने प्रथम, श्रेयांस ने द्वितीय और राज को तृतीय स्थान मिला है। वहीं, कक्षा एक की होने वाली बिस्कुट दौड़ में प्रथम ने पहला, शिवाय ने दूसरा व शशांक ने तीसरा स्थान हासिल किया है। यहां संरक्षक देवेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य पंकज शर्मा, क्षमा धवन व अभिभावक मौजूद रहे।