लगभग डेढ़ माह तक दो गुटों में चली खींचतान के बाद आखिरकार निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बुधवार को व्यापारियों ने नवीन गल्ला मंडी उद्योग व्यापार मंडल की नई कमेटी का चयन कर लिया।
अध्यक्ष पद पर फिर से वेद प्रकाश गुप्ता अध्यक्ष चुने गए। वेद प्रकाश ने अपने प्रतिद्वंद्वी कैलाश नारायण गुप्ता को 90 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रामशरण गुप्ता व महामंत्री पद पर हरिश्याम गुप्ता ने जीत का परचम लहराया।
बुधवार को रात दस बजे तक चली मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद पर वेदप्रकाश गुप्ता को 317 व कैलाश नारायण गुप्ता को 229 वोट मिले। वेद प्रकाश को 88 वोट से विजयी घोषित किया गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रामशरण गुप्ता ने 331 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी दीपक गुप्ता (215 वोट) को 116 वोटों से हराया। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अतुल गुप्ता को 339, विष्णु गुप्ता को 121 व तीसरे दावेदार बृजेश को 84 वोट मिले।
अतुल गुप्ता को 218 वोट से विजयी घोषित किया गया। महामंत्री पद पर दावेदार हरिश्याम गुप्ता पीलू ने 343 वोट हासिल किए, उनके प्रतिद्वंद्वी आदित्य गुप्ता को 203 वोट मिले। जिसके चलते महामंत्री पद पर हरिश्याम गुप्ता ने 140 वोटों से जीत दर्ज की।
कोषाध्यक्ष पद पर दावा पेश करने वाले सूरज गुप्ता ने 288 वोट हासिल कर 244 वोट पाने वाले अपने प्रतिद्वंद्वी राकेश को 44 मतों से पराजित किया।
वरिष्ठ मंत्री पद पर रजनीश गुप्ता ने 281 व दूसरे दावेदार हरीश गुप्ता ने 258 वोट पाए, इस पर पद पर सूरज गुप्ता ने 44 वोटों से जीत दर्ज की। वहीं मंत्री द्वितीय के पद पर नीरज गुप्ता को 290 व संतोष गुप्ता को 248 वोट मिले, जिसके चलते नीरज गुप्ता को 42 वोट से विजयी घोषित किया गया।
बुधवार की रात लगभग दस बजे मतगणना पूरी होने पर चुनाव कमेटी के अध्यक्ष मन्नीलाल शाह, सदस्य संजीव गुप्ता निन्ने, विपिन गुप्ता, दिलीप गुप्ता व अशोक आदि ने उद्योग व्यापार मंडल के निर्वाचित अध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता व महामंत्री हरिश्याम गुप्ता समेत निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र सौंपे। व्
यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही नवनिर्वाचित कमेटी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
बुधवार की सुबह मतदान व इसके बाद मतगणना शुरू होने से लेकर खत्म होने तक व्यापार भवन के आस पास अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों समेत अन्य प्रत्याशियों के खेमों में समर्थकों व व्यापारियों का जमावड़ा लगा रहा।
परिणाम घोषित होने के बाद विजयी पदाधिकारियों के खेमें में खुशी की लहर दौड़ गई। व्यापारी अमित गुप्ता, सुशील गुप्ता, शेरू गुप्ता, कल्लू गुप्ता व रावेंद्र गुप्ता आदि ने अध्यक्ष वेद प्रकाश गुप्ता समेत निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। मिठाई बांटी और अबीर गुलाल उड़ाकर खुशी जताई।
पिछले दो दशक से अधिक समय से व्यापार मंडल की राजनीति कर रहे वेद प्रकाश गुप्ता ने अपनी जीत का श्रेय व्यापारियों को दिया। कहा कि उनके व व्यापार मंडल के लिए हमेशा से व्यापारियों का हित सर्वोपरि रहा है।
कमेटी का चयन एक प्रक्रिया है। व्यापारियों ने उन पर भरोसा जताया है, उनका प्रयास रहेगा कि वह व्यापारियों का भरोसा बनाए रखें।